राज्य के जमुई जिले से खबर है। यहां तब अचानक हंगामा हो गया, जब एक चाय की दुकान में शराब लदी कार घुस गयी। कार अनियंत्रित होकर दुकान में जा घुसी। घटना में दुकान क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि कार का चालक फरार होने में सफल रहा। अब पुलिस कार चालक के बारे में जानकारी एकत्र कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के गिद्धौर-जमुई मुख्य राजमार्ग पर शराब तस्करी का प्रयास मंगलवार देर रात उस समय नाकाम हो गया, जब शराब से लदी एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित चाय की दुकान में जा घुसी। घटना में दुकान क्षतिग्रस्त हो गई, लेकिन दुकानदार बाल-बाल बच गया। घटना पावर ग्रिड सब स्टेशन मोड़ के पास की है।
इधर घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थानाध्यक्ष राशि मलिक के नेतृत्व में पुलिस अवर निरीक्षक जय प्रकाश सिंह, मनीष कुमार और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सफेद रंग की टाटा इंडिगो ईसीएस कार संख्या WB-02-AA4568 को अपने कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 23 कार्टन में रखी रॉयल स्टैग, बी-7 सहित विभिन्न ब्रांड की करीब 552 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। हादसे के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
वहीं सूचना मिलने पर डीएसपी अभिषेक कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने जब्त कार और शराब को थाने लाकर शराबबंदी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष राशि मलिक ने बताया कि बरामद शराब और वाहन के आधार पर तस्करी के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। शराब कहां से लाई जा रही थी और कहां पहुंचाई जानी थी, इसकी जांच की जा रही है। फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
जमुई से हेमंत की रिपोर्ट