भोरे/गोपालगंज: स्थानीय थाना क्षेत्र के जगतौली ओपी अंतर्गत पिपरौता गांव में ट्यूशन फीस के बकाया पैसे को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. इस घटना में दोनों पक्षों से कई लोग घायल हो गए. मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से भोरे थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
पहले पक्ष का आरोप है
पियरौटा गांव निवासी छठू राम (52 वर्ष) ने थाने में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि 20 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे उनके पोते की ट्यूशन फीस के 200 रुपये बकाया होने की बात कहकर गांव के ही दिनेश बैठा और उनकी पत्नी प्रियंका देवी दरवाजे पर आकर विवाद करने लगे. विरोध करने पर दिनेश बैठा, प्रियंका देवी, कमलेश बैठा, रमेश बैठा, राजेश बैठा, धर्मेंद्र बैठा, रेखा देवी, शुड़ेमा कुमारी, राज बैठा और संतोष बैठा ने लाठी-डंडे, हॉकी स्टिक, रॉड और तेजधार हथियार से पूरे परिवार पर हमला कर दिया. इस मारपीट में हट्टू राम की पत्नी कालिंदी देवी, बेटा और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए. छठु राम ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने उनकी पत्नी के गले से मंगलसूत्र और बेटे के गले से चांदी की माला भी छीन ली.
दूसरे पक्ष का आरोप
वहीं, दूसरे पक्ष की प्रियंका देवी (पति दिनेश कुमार बैठा) ने भी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. उनका कहना है कि वह एक निजी स्कूल में पढ़ाती हैं और 20 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे अपने पति के साथ स्कूल जा रही थीं. रास्ते में छट्टू राम के दरवाजे पर रुककर उन्होंने अपने दो के नाती-नातिन (सिंधांशु और नाविन्या) की छह महीने की बकाया ट्यूशन फीस मांगी. इस पर छठू राम, उनकी पत्नी कालिंदी देवी, बेटे रोहित कुमार राम और बेटी सोनम कुमारी ने गाली-गलौज शुरू कर दी.
प्रियंका देवी का आरोप है कि रोहित कुमार राम और हट्टू राम ने उन पर तथा उनके पति दिनेश बैठा पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों के हाथ और सिर में गंभीर चोटें आईं. साथ ही लाठी-डंडे से पिटाई कर उनका मंगलसूत्र और पति की सोने की चेन छीन ली गई. जगतौली ओपी पुलिस की अनुशंसा पर भोरे थाने में दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।