राज्य के गोपालगंज जिले से बडी खबर है। यहां शौचालय टंकी की सेंट्रिंग खोलने के दौरान घटी घटना में चार मजदूरों की मौत हो गयी। इन सभी को बचाने की कोशिश कर रहे एक स्थानीय युवक की भी हालत गंभीर हो गयी। घायल हो इलाज के लिए सदर अस्पताल में एडमिट किया गया है। एक ही साथ चार मौत के बाद पूरे गांव में सनसनी फैली हुई है। मरने वालों के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार सवनही पट्टी गांव निवासी गयासुद्दीन के मकान में करीब 15 दिन पूर्व शौचालय की टंकी की ढलाई का कार्य पूरा हुआ था। शनिवार की दोपहर टंकी के अंदर लगी लकड़ी और प्लाई की सेंट्रिंग को हटाने के लिए कामगार एक-एक करके नीचे उतरे थे। टंकी काफी दिनों से बंद थी, जिसके कारण अंदर जहरीली गैस बनी हुई थी। जैसे ही पहला मजदूर नीचे उतरा, उसका दम घुटने लगा। उसे छटपटाता देख और बचाने के प्रयास में बाकी कामगार भी एक-एक कर टंकी के अंदर उतर गए, लेकिन जहरीली गैस की चपेट में आने से सभी की हालत बिगड़ गई और वे वहीं बेहोश होकर गिर पड़े। मृतकों की पहचान सवनही पट्टी गांव निवासी रमाशंकर बैठा के पुत्र बंटी बैठा, घर के मकान मालिक गयासुद्दीन मियां के पुत्र टीपू, सवनही वृत्त गांव निवासी विश्वनाथ यादव के पुत्र उमेश यादव और श्रीपुर थाना क्षेत्र के गिदहा गांव निवासी एक अन्य युवक के रूप में हुई है।
इधर घटना के बाद पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गयी। घटना के बारे में सुनकर आसपास के लोग राहत और बचाव के लिए दौड़े। बचाव कार्य के दौरान मंजूर खान का पुत्र सिराज खान भी जहरीली गैस की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से सभी को आनन-फानन में टंकी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फुलवरिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चारों कामगारों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल सिराज को प्राथमिक उपचार के बाद गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया गया।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल भेज दिया है। इस हादसे के बाद सवनही पट्टी गांव में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट