गोपालगंज: जिले में कुचायकोट थाने की पुलिस ने एनएच-27 पर पुलिस का खौफ दिखाकर एक कार चालक से 50 हजार रुपये की अवैध वसूली करने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से घटना में इस्तेमाल की गई बोलेरो और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
प्राप्त खबर के अनुसार यह सनसनीखेज मामला 4 नवंबर 2026 का है। बताया जा रहा है कि एनएच-27 पर बलथरी स्थित आइडियल होटल के पास एक बोलेरो में सवार तीन युवकों ने आगे से कार को घेर लिया। इसके बाद बदमाशों ने कार चालक पर शराब के अवैध कारोबार का झूठा आरोप लगाया और पुलिस कार्रवाई का डर दिखाने लगे। घबराए हुए चालक ने जब उनसे विनती की, तो बदमाशों ने दबाव बनाते हुए अपने एक परिचित की यूपीआई आईडी पर 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। रुपये मिलने के बाद उन्होंने चालक को वहां से जाने दिया।
इधर इस पूरी घटना की सूचना मिलते ही कुचायकोट थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ तुरंत हरकत में आए और जांच शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डोढ़वालिया के पास एनएच-27 मोड़ से संदिग्ध बोलेरो और उसमें सवार तीनों आरोपियों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोपालपुर थाना क़े बरनिया गांव निवासी नंदलाल प्रसाद क़े पुत्र आदित्य कुमार, कुचायकोट क़े पहाड़पुर गांव निवासी अरविंद प्रसाद क़े पुत्र रीतीक कुमार और सारण क़े मसरख थाना क़े सोनौली गांव निवासी भोला सिंह, क़े पुत्र नितेश सिंह क़े रूप में की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और इस रैकेट में शामिल अन्य लोगों की तलाश के लिए छापेमारी जारी है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट