सरकारी स्कूलों में मनमानी करने वाले शिक्षकों पर कसेगा शिकंजा, डीएम ने दी जानकारी

गोपालगंज जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की मनमानी और अनुपस्थिति पर लगाम लगाने के लिए बिहार सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है।

गोपालगंज जिले के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की मनमानी और अनुपस्थिति पर लगाम लगाने के लिए बिहार सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। विद्यार्थियों की शैक्षणिक और छात्रावास संबंधी समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं जवाबदेह समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ की शुरुआत की गई है। इसके साथ ही छात्रों के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1100 भी जारी किया गया है।

गोपालगंज के जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य छात्रों को दफ्तरों के चक्कर लगाने से बचाना है। छात्र अपनी शिकायतें या सुझाव ऑनलाइन पोर्टल और टोल-फ्री नंबर पर दर्ज करा सकते हैं। प्राप्त शिकायतों का 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निपटारा किया जाएगा और इसकी लिखित सूचना आवेदक को दी जाएगी। सबसे खास बात यह है कि शिकायत दर्ज कराने वाले विद्यार्थी की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

इसके तहत टोल-फ्री हेल्पलाइन के द्वारा विद्यार्थी किसी भी समय 1100 पर कॉल करके शिकायत दर्ज करा सकते हैं। इसमें गोपनीयता की गारंटी रहेगी। शिकायतकर्ता की पहचान उजागर नहीं की जाएगी। हर माह शिविर लगेंगे। प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को शिक्षण संस्थानों में ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन होगा, जहाँ छात्र अधिकारियों के सामने सीधे अपनी बात रख सकेंगे।

प्रशासन ने निर्देश दिया है कि इस योजना का लाभ हर पात्र छात्र तक पहुँचाने के लिए स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और छात्रावासों में व्यापक प्रचार-प्रसार चलाया जाए। इसके लिए शिक्षा विभाग के साथ-साथ अल्पसंख्यक कल्याण, एससी/एसटी कल्याण, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा कौशल विकास विभाग को भी समन्वय बनाकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।


गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट