गोपालगंज वासियों के लिए एक बेहद राहत और खुशी की खबर है। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को एक नई ऊंचाई पर ले जाने के उद्देश्य से प्रस्तावित 'मां थावे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल' के निर्माण की दिशा में काम तेजी से आगे बढ़ने लगा है। आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने थावे प्रखंड के चनावे गांव पहुंचकर मेडिकल कॉलेज के लिए चिह्नित जमीन का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
25 एकड़ से अधिक भूमि में आकार लेगा मेडिकल कॉलेज
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को साइट मैप के जरिए पूरे प्रोजेक्ट की जानकारी दी। यह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल कुल 25 एकड़ 20 डिसमिल भूमि में प्रस्तावित है। अधिकारियों ने सीएम को स्थल की उपलब्धता, संपर्क मार्ग, भूमि की स्थिति और बुनियादी सुविधाओं के खाके से अवगत कराया।
समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्थल का जायजा लेने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण से जुड़ी सभी कागजी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि परियोजना को तय समय-सीमा के भीतर धरातल पर उतारा जा सके।
मां थावे मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के बनने से न केवल गोपालगंज बल्कि आसपास के जिलों के लोगों को भी बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक मजबूत आधारभूत संरचना तैयार होगी और अब स्थानीय लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए अपने जिले से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।"
वर्षों का सपना पूरा होने की उम्मीद.
उल्लेखनीय है कि गोपालगंज में मेडिकल कॉलेज की स्थापना को लेकर लंबे समय से मांग चल रही थी। पूर्व में इंडिया गठबंधन सरकार के समय तेजस्वी यादव द्वारा भी इसकी घोषणाएं की गई थीं, और अब मौजूदा सरकार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के इस निरीक्षण के बाद परियोजना को नई रफ्तार मिली है।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस उच्चस्तरीय निरीक्षण के दौरान राज्य के कई प्रमुख मंत्री शामिल रहे जिनम: खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार और विधान पार्षद जनक राम.सहित मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव (पर्यावरण एवं वन) आनंद किशोर, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, स्वास्थ्य सचिव कुमार रवि, सारण के प्रमंडलीय आयुक्त डॉ. मनीष कुमार, डीआईजी नीलेश कुमार, गोपालगंज के जिलाधिकारी समीर सौरभ तथा पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
इस मेडिकल कॉलेज के निर्माण से गोपालगंज जिला अब स्वास्थ्य सेवा के मामले में आत्मनिर्भर बनने की ओर एक बड़ा कदम बढ़ा चुका है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट