भोरे/गोपालगंज : भोरे प्रखंड के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार, अंचलाधिकारी अनुभव कुमार राय और थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय ने किया। अधिकारियों ने प्रखंड के प्रमुख घाटों और बाजारों की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ लालाछपर पोखरा पर होती है और इस बार भी यहीं सबसे अधिक भीड़ रहेगी। इसे देखते हुए यहां विशेष व्यवस्था की गई है।
जगतौली ओपी प्रभारी ने कहा- घाट पर 10 से अधिक पुलिस बल, 5 से 6 चौकीदार और 2 पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे
जगतौली ओपी प्रभारी आलोक कुमार ने बताया कि घाट पर 10 से अधिक पुलिस बल, पांच से छह चौकीदार और दो पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे। थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय और भोरे अपर थाना अध्यक्ष दुर्गनंद मिश्र ने बताया कि प्रमुख घाटों पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी। पदाधिकारी लगातार गश्ती भी करते रहेंगे और हर वक्त निगरानी भी की जा रही है। सिसई, लालाछपर, लमीचौर समेत प्रत्येक बाजार ही नहीं, बल्कि घाटों पर भी किसी भी असामाजिक तत्व और उपद्रवियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अंचलाधिकारी ने कहा- घाटों तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत व गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी चिह्न लगाने का काम कराया जा रहा है
रेफरल अस्पताल भोरे के प्रभारी रिशु कुमार सिन्हा ने बताया कि दो टीमें बनाई गई हैं। प्रत्येक टीम के पास एंबुलेंस, डॉक्टर, प्रशिक्षित कर्मी और जरूरी दवाइयां रहेंगी। अस्पताल में भी सभी आवश्यक व्यवस्था आपातकालीन स्तर पर कर ली गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी मुकेश कुमार ने कहा कि घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश और बैरिकेडिंग की व्यवस्था समय पर पूरी कर ली जाएगी। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। अंचलाधिकारी अनुभव कुमार राय ने कहा कि घाटों तक जाने वाले रास्तों की मरम्मत और गहरे पानी वाले स्थानों पर चेतावनी चिह्न लगाने का काम कराया जा रहा है। श्रद्धालुओं से अपील है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।
भोरे/गोपालगंज से कुमार मंजेश की रिपोर्ट