SIR प्रक्रिया के विरोध में गोपालगंज में RJD का जोरदार प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और चुनाव व्यवस्था में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकर्ताओं ने गोपालगंज में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

गोपालगंज : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया और चुनाव व्यवस्था में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकर्ताओं ने गोपालगंज में केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।

अंबेडकर चौक से निकला विरोध मार्च

राजद कार्यकर्ताओं ने शहर के अंबेडकर चौक से एक विशाल विरोध मार्च निकाला। हाथों में तख्तियां और बैनर लिए कार्यकर्ता केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारे लगाते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे। यह विरोध मार्च स्टेट बैंक चौक पहुंचकर एक सभा में तब्दील हो गया, जहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर अपना आक्रोश दर्ज कराया।

लोकतंत्र की रक्षा के लिए निष्पक्ष चुनाव जरूरी - जिलाध्यक्ष

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए राजद जिलाध्यक्ष दिलीप कुमार सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की नींव निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया पर टिकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि SIR प्रक्रिया और मतदाता सूची के पुनरीक्षण को लेकर बिहार और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। चुनाव आयोग को इन सभी आशंकाओं पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए ताकि जनता का चुनावी प्रक्रिया पर विश्वास बना रहे।

पूर्व के चुनावों की जांच की मांग

जिलाध्यक्ष ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल के दौरान कराए गए चुनावों की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी व संतोषजनक समाधान नहीं होता, तब तक राजद का यह आंदोलन जारी रहेगा। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट