पूर्व मंत्री हत्याकांड में 35 साल बाद आया बड़ा फैसला, पूर्व विधायक के दोनों पुत्र दोषी करार

बिहार के बहुचर्चित पूर्व सांसद एवं मंत्री नगीना राय हत्याकांड में करीब 35 साल बाद अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में तत्कालीन विधायक स्वर्गीय बच्चा चौबे के दो पुत्रों परमात्मा चौबे और बृजभूषण चौबे को न्यायालय ने दोषी करार दिया

गोपालगंज। बिहार के बहुचर्चित पूर्व सांसद एवं मंत्री नगीना राय हत्याकांड में करीब 35 साल बाद अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड में तत्कालीन विधायक स्वर्गीय बच्चा चौबे के दो पुत्रों परमात्मा चौबे और बृजभूषण चौबे को न्यायालय ने दोषी करार दिया है। वहीं, इस मामले के एक अन्य आरोपित सत्येंद्र उपाध्याय को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया गया है।

न्यायालय के इस फैसले के बाद जिले के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में एक बार फिर नगीना राय हत्याकांड की चर्चा तेज हो गई है। दोषी करार दिए गए दोनों आरोपितों की सजा के बिंदु पर आगामी 8 दिसंबर को सुनवाई होगी। इसी दिन अदालत सजा को लेकर अपना निर्णय सुना सकती है।

न्यायालय का अभिलेख गायब होने से नौ माह तक रुकी रही सुनवाई

इस बहुचर्चित मामले की सुनवाई के दौरान एक असामान्य स्थिति भी सामने आई थी। न्यायालय का अभिलेख गायब हो जाने के कारण करीब नौ महीने तक सुनवाई नहीं हो सकी थी। बाद में अभिलेख में उपलब्ध कागजातों के आधार पर न्यायालय ने सुनवाई की प्रक्रिया आगे जारी रखने का निर्णय लिया। इसके बाद मामले में कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ी और आखिरकार अदालत ने दो आरोपितों को दोषी करार दिया।

10 अप्रैल 1991 को गोलियों से छलनी कर की गई थी हत्या

मामले की पृष्ठभूमि बेहद सनसनीखेज रही है। घटना 10 अप्रैल 1991 की शाम की है। पूर्व सांसद एवं मंत्री नगीना राय पटना से गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र स्थित अपने गांव भोपतिपुर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में गन्ने से लदी बैलगाड़ी के कारण सड़क पर जाम लग गया और उनकी गाड़ी रुक गई।बताया जाता है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाते हुए गोलीबारी कर दी। 

इस गोलीबारी में नगीना राय की मौत हो गई थी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।करीब साढ़े तीन दशक तक चले इस चर्चित हत्याकांड में अब अदालत के फैसले ने एक महत्वपूर्ण कानूनी पड़ाव पार कर लिया है। सबकी निगाहें अब 8 दिसंबर को होने वाली सजा के बिंदु पर सुनवाई पर टिकी हैं।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट