पैसे चुकाने के बाद भी नहीं मिले गिरवी रखे गहने! दुकानदार पर धोखाधड़ी का आरोप, थाने में लगाई गुहार

बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने सोने के आभूषणों को छुड़ाने के लिए तय रकम से अधिक पैसे चुका दिए, लेकिन दुकानदार ने न तो उनके आभूषण लौटाए और न ही पैसे।

बिहार के गोपालगंज जिले के कटेया थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। लाला पचमवाँ गाँव के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी गाढ़ी कमाई से बनवाए सोने के आभूषणों को छुड़ाने के लिए तय रकम से अधिक पैसे चुका दिए, लेकिन दुकानदार ने न तो उनके आभूषण लौटाए और न ही पैसे। उल्टे पीड़ित को ही पुलिस का खौफ दिखाकर डराने का प्रयास किया गया। अब पीड़ित ने न्याय के लिए स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

मिली जानकारी के अनुसार, लाला पचमवाँ निवासी पीड़ित जितेन्द्र मिश्रा (45 वर्ष) ने अपनी पारिवारिक जरूरतों के लिए गाँव के ही एक दुकानदार देवेन्द्र बर्नवाल के पास दो सोने की अंगूठी और एक सोने की चेन ₹13,000 में गिरवी रखी थी। बाद में जब जितेन्द्र अपने आभूषण छुड़ाने गए, तो उन्होंने दुकानदार के खाते में ऑनलाइन माध्यम से ₹20,000 ट्रांसफर किए और ₹50,000 नगद भी दिए। दुकानदार ने उन्हें एक सोने की चेन लौटा दी।

धोखाधड़ी की परत तब खुली जब जितेन्द्र मिश्रा उस मिली हुई चेन को लेकर अपने पुराने सुनार (गोलू सोनार) के पास पहुँचे, जहाँ से उन्होंने इसे खरीदा था। सुनार ने चेन देखते ही पहचानने से इंकार कर दिया और कहा कि यह चेन उसकी दुकान की है ही नहीं। सुनार ने साफ कहा कि दुकानदार ने असली सोने की चेन बदलकर कोई दूसरी चेन थमा दी है।

जब पीड़ित शिकायत लेकर वापस देवेन्द्र बर्नवाल के पास पहुँचा, तो दुकानदार ने वह चेन भी अपने पास रख ली और टालमटोल करने लगा। पीड़ित ने जब दुकानदार के घर जाकर उसकी पत्नी से अपने आभूषण और दिए गए पैसे वापस माँगे, तो मामले को सुलझाने के बजाय उल्टे पीड़ित पर दबाव बनाने के लिए 112 आपातकालीन पुलिस सेवा को फोन कर दिया गया ताकि पीड़ित को ही फंसाया जा सके।

पीड़ित जितेन्द्र मिश्रा का कहना है कि उनके साथ सरेआम धोखाधड़ी हुई है। उनके पास ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और नगद भुगतान के सभी पुख्ता सबूत मौजूद हैं। उन्होंने कटेया थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और उनके गिरवी रखे आभूषण (दो अंगूठी, एक चेन) और दी गई नगद राशि वापस दिलाई जाए।

अब देखना यह होगा कि कटेया पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है। वही इस मामले में थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने कहा कि प्राप्त आवेदन के आरोप में जांच की जा रही है दोषी पाया जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी

गोपालगंज से शंकर जी की रिपोर्ट