गोपालगंज। नगर थाना क्षेत्र के बंजारी स्थित ब्रह्म स्थान वार्ड नंबर 12 में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। जहां निर्माणाधीन मकान में रखी निर्माण सामग्री को बारिश के पानी से बचाने गए एक दंपति की विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनो का रो रो कर बुरा हाल है। मृतकों में स्व हीरा लाल साह का 55 वर्षीय बेटा संतोष साह और संतोष साह की 50 वर्षीय पत्नी बसंती देवी शामिल है।
संतोष साह पेशे से आटा चक्की का संचालन करते थे, जबकि उनकी पत्नी बसंती देवी सदर अस्पताल में आशा कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत थीं। उनका एक बेटा श्रीलंका में एक निजी कंपनी में कार्यरत है, जिसे घटना की सूचना दे दी गई है। और वह गोपालगंज के लिए रवाना हो गया है। फिलहाल सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुट गई है।
दरअसल इस संदर्भ में बताया जाता है कि दम्पति निर्माणाधीन मकान में पड़ी सीमेंट और अन्य निर्माण सामग्री को पानी से बचाने के लिए जतन कर रहे थे। उसी दौरान मकान के सरिया में विद्युत प्रवाहित हो रही थी जिसे छूते ही पति अचेत हो गए जबकि उसे बचाने के प्रयास में जीवनसंगिनी भी करंट की चपेट में आ गई।
दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया।लेकिन एहतियात दोनों को आसपास के लोगों द्वारा तत्काल सदर अस्पताल के इमर्जेंसी वार्ड पहुँचाया गया जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है कि निर्माणाधीन स्थल पर खुला तार कैसे मौजूद था और क्या इसमें बिजली विभाग या किसी अन्य स्तर पर लापरवाही हुई है।
वहीं आशा कार्यकर्ता के रूप में क्षेत्र में सक्रिय रहने वाली महिला और आटा चक्की चलाने वाले उनके पति के अचानक इस तरह चले जाने से पड़ोसियों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट