छठ महापर्व पर अल्पसंख्यक प्रतिनिधि ने झोकी ताकत, कहा- इस पर्व से मेरी बचपन की जुड़ी है यादें और आस्था

गोपालगंज लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम के बीच पूरे जिले में भक्ति और उल्लास का माहौल है। इसी कड़ी में भोरे प्रखंड के खदही पंचायत के मुखिया शाह आलम ने छठ घाटों की साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

गोपालगंज : गोपालगंज लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम के बीच पूरे जिले में भक्ति और उल्लास का माहौल है। इसी कड़ी में भोरे प्रखंड के खदही पंचायत के मुखिया शाह आलम ने छठ घाटों की साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले जनप्रतिनिधि शाह आलम का छठ महापर्व से बचपन से ही गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा है

अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले जनप्रतिनिधि शाह आलम का छठ महापर्व से बचपन से ही गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहा है। छठ घाटों पर तैयारियों का जायजा लेते हुए मुखिया शाह आलम ने अपने बचपन के दिनों को याद किया। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि बचपन में मैं घूम-घूमकर छठ माता की प्रतिमाओं को पेंट (रंगाई) किया करता था। इस महापर्व से मेरी बचपन की यादें और आस्था जुड़ी हुई है। आज जब जनता ने मुझे अपना प्रतिनिधि बनाया है, तो भला मैं इस पवित्र पर्व की सेवा से खुद को कैसे दूर रख सकता हूं।

ग्राउंड जीरो पर ग्रामीणों ने की तारीफ

स्वराज पोस्ट की टीम जब खदही पंचायत के छठ घाटों पर ग्राउंड जीरो की पड़ताल करने पहुंची, तो स्थानीय ग्रामीणों और छठ व्रतियों के परिजनों ने मुखिया के कार्यों की खुलकर सराहना की। ग्रामीणों का कहना है कि घाटों पर साफ-सफाई, चकाचक रोशनी और व्रतियों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा गया है। लोगों ने एक स्वर में कहा कि उन्हें अपने मुखिया से किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं है और वे हर पर्व-त्योहार में इसी तरह जनता के बीच खड़े रहते हैं। खदही पंचायत में मुखिया शाह आलम की यह पहल सामाजिक सौहार्द और गंगा-जमुनी तहजीब की एक खूबसूरत मिसाल पेश कर रही है।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट