गोपालगंज जिले के कटेया प्रखंड अंतर्गत रामदास बगही पंचायत के बेलौरा गांव स्थित पूरब टोला में सड़क किनारे लटक रहा तार लोगों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। सड़क के बिल्कुल किनारे लंबे हिस्से में तार जमीन के बेहद करीब दिखाई दे रहा है, जबकि कई जगह यह झाड़ियों के बीच से गुजर रहा है। ऐसे में ग्रामीणों को हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका सता रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं, बच्चों और दोपहिया वाहनों का आवागमन होता है। सड़क किनारे इस तरह तार का लटकना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। खासकर बच्चों और बाइक सवारों के लिए यह किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार, बरसात के मौसम में स्थिति और भी चिंताजनक हो जाती है। झाड़ियों में नमी और आसपास पानी जमा होने की स्थिति में खतरा बढ़ने की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तार को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित नहीं किया गया तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं स्थानीय प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच कराने और सड़क किनारे लटक रहे तार को सुरक्षित तरीके से व्यवस्थित कराने की मांग की है।
इस गंभीर मामले को लेकर कटेया के जेई पप्पू पुष्पम से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई। हालांकि, खबर लिखे जाने तक जेई द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया, जिसके कारण इस मामले में उनका पक्ष नहीं मिल सका। अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा है या समय रहते इस खतरनाक स्थिति को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाया जाएगा।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट