गवाहों की सुरक्षा को लेकर न्यायिक पहल, व्यवहार न्यायालय में विशेष संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित

न्यायिक प्रक्रिया में गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को गोपालगंज व्यवहार न्यायालय के नए भवन स्थित सभागार में गवाह सुरक्षा योजना पर संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

गोपालगंज: न्यायिक प्रक्रिया में गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें भयमुक्त माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को गोपालगंज व्यवहार न्यायालय के नए भवन स्थित सभागार में गवाह सुरक्षा योजना पर संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पटना उच्च न्यायालय की पॉक्सो कमेटी के सदस्य के निर्देश के आलोक में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अपर एवं सत्र न्यायाधीश षष्ठम सह पॉक्सो न्यायाधीश पंकज चंद्र वर्मा ने की। मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव अनूप कुमार उपाध्याय भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जिला अभियोजन पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई, विशेष लोक अभियोजक (पॉक्सो), बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष, अभियोजन प्रभारी समेत विभिन्न थानों के थानाध्यक्ष और गवाह सुरक्षा योजना के लिए नामित पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान न्यायिक पदाधिकारियों ने गवाह सुरक्षा योजना के विभिन्न प्रावधानों और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने गवाहों की सुरक्षा, उनकी पहचान एवं हितों के संरक्षण तथा उन्हें बिना किसी भय या दबाव के न्यायिक प्रक्रिया में भाग लेने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य संबंधित अधिकारियों और पदाधिकारियों को गवाह सुरक्षा योजना के प्रति जागरूक करना तथा उनके दायित्वों से अवगत कराना था, ताकि न्यायिक प्रक्रिया में गवाहों की भागीदारी प्रभावी हो सके और न्याय सुनिश्चित करने में मदद मिले।

गोपालगंज (विजयीपुर) से शंकर की रिपोर्ट