गोपालगंज। जिले के मांझागढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 2,650 रुपये नकद और ताश की एक गड्डी बरामद की है। इस मामले में मांझागढ़ थाना कांड संख्या दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 13 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि मांझा पुरानी छठी मइया पोखरा के पास एक झोपड़ी में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए मांझागढ़ थानाध्यक्ष वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस को देखते ही वहां मौजूद चार व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस बल के सहयोग से सभी को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मांझागढ़ थाना क़े लंगटुहाता गांव निवासी हकिम मियां के पुत्र राजा हुसैन. राजू मियां के पुत्र समसुद्दीन अली. मदन महतो के पुत्र लव कुश कुमार. अली हुसैन के पुत्र राजा हुसैन के रूप में की गई है।
पुलिस ने तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 2,650 रुपये नकद और ताश की एक गड्डी बरामद की। बरामद सामान को विधिवत जब्त कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जुए से प्राप्त पैसों को आपस में बांटने की बात बताई।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
गोपालगंज (माझा) से अजय श्रीवास्तव की रिपोर्ट