गोपालगंज: प्रेम जाल में फंसाया, शादी का सपना फिर खेला घिनौना खेल, फरार आरोपी गिरफ्तार

बिहार के गोपालगंज जिले में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को धर दबोचा है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 14, 2026, 2:29:00 PM

बिहार के गोपालगंज जिले में अपराधियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को धर दबोचा है।

मिली जानकारी के अनुसार, गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के कड़े निर्देशन में जिले के भीतर अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी अभियान के तहत सिधवलिया थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार किया है।

प्रेम के जाल में फंसा बनाया था निशाना 

गोपालगंज के सिधवलिया पुलिस ने जिस दुष्कर्मी को गिरफ्तार किया है उसकी पहचान स्थानीय थाना क़े परसौनी गांव निवासी वीरेंद्र कुमार महतो का पुत्र राजू महतो क़े रूप में की गई है। जिसने आज से दो माह पूर्व एक युवती को प्रेम जाल में फंसा कर उसे शादी का सपना दिखाया और फिर उसके साथ घिनौना खेल खेला। हालांकि यह मामला शायद थाने नहीं पहुंचता लेकिन जब आरोपी ने युवती का फायदा उठा उसे बीच रास्ते पर छोडा। तब युवती के परिजनों ने स्थानीय थाने में मामला दर्ज कराया।

भेजा गया न्यायिक अभिरक्षा में...

वहीं गोपालगंज एसपी के दी गई जानकारी के अनुसार, आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को आज न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि जिले में अपराध और महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों पर लगाम लगाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट