गोपालगंज जिले में जमीन विवाद और अवैध कब्जे की बढ़ती शिकायतों को लेकर गोपालगंज पुलिस कप्तान विनय तिवारी ने बेहद सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। उन्होंने भू-माफियाओं और असामाजिक तत्वों को कड़ी चेतावनी देते हुए साफ कर दिया है कि बाहर रहने वाले लोगों की जमीन हड़पने या उस पर बुरी नजर डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। लोग रोजगार, शिक्षा या अन्य कारणों से जिले से बाहर रहते है। नागरिकों की अनुपस्थिति का फायदा उठाकर भू माफिया नए हथकंडे अपनाकर प्रवासियों की जमीन पर कब्जा कर बेच बेच देते है। अब ऐसे लोगो पर पुलिस की पैनी नजर है।
एसपी ने अपने बयान में साफ कहां है की यदि कोई व्यक्ति बाहर रहता है और उसकी गैरमौजूदगी में कोई उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करता है, तो पुलिस तुरंत हरकत में आएगी और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई करेगी। फर्जी कागजात या कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन हड़पने का खेल खेलने वालों की जांच कर उन्हें सीधा जेल भेजा जाएगा। डरा-धमकाकर या दबाव बनाकर कम दामों में जमीन अपने नाम कराने वालों के खिलाफ भी पुलिस सख्त धाराओं में मामला दर्ज करेगी।
एसपी ने जिले के आम लोगों और बाहर रह रहे गोपालगंज के निवासियों से अपील की है कि यदि कोई भी भू-माफिया या दबंग आपकी संपत्ति पर बुरी नीयत रखता है या धमकी देता है, तो बिना डरे तुरंत पुलिस प्रशासन से संपर्क करें और अपनी शिकायत दर्ज कराएं। गोपालगंज पुलिस 24 घंटे आपकी सेवा में तत्पर हैं।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट