गोपालगंज में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका, नेपाल में तबाही के बाद प्रशासन हाई अलर्ट पर

नेपाल में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड के कारण हुई तबाही के बाद गंडक नदी के जलस्तर में अचानक भारी वृद्धि की संभावना बढ़ गई है। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए गोपालगंज जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।

गोपालगंज। नेपाल में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड के कारण हुई तबाही के बाद गंडक नदी के जलस्तर में अचानक भारी वृद्धि की संभावना बढ़ गई है। संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए गोपालगंज जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में आज आपदा प्रबंधन के अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय और गोपालगंज एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह ने सिवान डिवीजन के कार्यपालक अभियंता के साथ गंडक नदी से सटे अत्यंत संवेदनशील और निचले इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण और प्रशासनिक तैयारियों के मुख्य बिंदु:

निचले इलाकों में अलर्ट:

एसडीओ डॉ. प्रेरणा सिंह ने प्रभावित होने वाले क्षेत्रों के ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उन्हें नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की संभावना से अवगत कराया। सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी प्रशासन ने संवेदनशील और निचले इलाकों में रह रहे लोगों से सतर्क रहने और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत ऊंचे तथा सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।

24x7 निगरानी: 

अपर समाहर्ता राजेश्वरी पांडेय ने आश्वस्त किया कि गंडक नदी के जलस्तर पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दल को तैयार रखा गया है। अफवाहों से बचने की अपील: एसडीओ ने आमजन से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की सलाह दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घबराने की जरूरत नहीं है, 

नागरिक आधिकारिक निर्देशों का ही पालन करें।

जिला प्रशासन ने दोहराया है कि आम जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट