गोपालगंज: पटना: विशेष निगरानी इकाई ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में गोपालगंज के अपर समाहर्ता (ADM) राजेश्वरी पांडेय के ठिकानों पर छापेमारी की है। ADM पर अपनी वैध आय के स्रोतों से लगभग 100 प्रतिशत अधिक अवैध संपत्ति जमा करने का गंभीर आरोप है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने के बाद SVU की टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में यह पूरी कार्रवाई की। तलाशी अभियान के दौरान अधिकारियों को मौके से नकदी (कैश) या सोना बरामद नहीं हुआ है, लेकिन जमीन, मकान और वित्तीय निवेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
इस पूरी कार्रवाई की जानकारी देते हुए SVU के डीएसपी एके अकेला ने बताया कि ADM राजेश्वरी पांडेय के खिलाफ पहले से आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज था। न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त करने के बाद नियुक्त मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में उनके ठिकानों पर नियमानुसार तलाशी ली गई है। बरामद किए गए दस्तावेजों और कागजातों की गहनता से जांच की जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट