फुलवरिया/गोपालगंज: फुलवरिया थाना क्षेत्र के भागवत परसा गांव में मंगलवार को एक ग्रामीण की झोपड़ी से 10 फीट लंबा और 50 किलोग्राम वजनी विशालकाय अजगर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। हालांकि, ग्रामीणों की सूझबूझ और रेस्क्यू टीम की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा खतरा टल गया।
गांव निवासी चंदन कुमार महतो के घर के पास स्थित पुआल की झोपड़ी में जलावन रखा हुआ था। इसी बीच परिजनों की नजर अचानक एक भारी-भरकम अजगर पर पड़ी। सांप को देखते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चंदन कुमार महतो ने तुरंत संयम दिखाते हुए वन विभाग और स्थानीय रेस्क्यू टीम को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलने के महज आधे घंटे के भीतर रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच गई। टीम के प्रभारी अरुण कुमार राय के नेतृत्व में सदस्यों ने कड़ी मशक्कत और सावधानी के साथ ऑपरेशन शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार अजगर को सुरक्षित काबू में कर लिया गया।
रेस्क्यू टीम के प्रभारी अरुण कुमार राय ने बताया कि यह अजगर करीब 10 फीट लंबा और इसका वजन 50 किलोग्राम से अधिक है। उन्होंने आशंका जताई कि यह भारी-भरकम सर्प चूहों का शिकार करने के लिए रिहायशी इलाके में पहुंचा था।
अजगर के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों और घर के सदस्यों ने राहत की सांस ली है। रेस्क्यू टीम ने सांप को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ने के लिए अपने साथ ले गई। इस सफल रेस्क्यू से पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
फुलवरिया/गोपालगंज से संदीप कुमार की रिपोर्ट