गोपालगंज। सोशल मीडिया पर एक विशेष समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक व भड़काऊ टिप्पणी कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के मामले में गोपालगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नगर थाना क़े सरैया वार्ड संख्या-02, क़े रहने वाले मोहन राम क़े पुत्र राजू कुमार राम क़े रूप में की गई है।
निरीक्षण के दौरान सामने आया मामला
पुलिस द्वारा 18 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के नियमित निरीक्षण के दौरान फेसबुक पर एक आपत्तिजनक पोस्ट संज्ञान में आई। पोस्ट में एक विशेष धार्मिक समुदाय को लक्षित करते हुए अभद्र और आपसी भाईचारे को प्रभावित करने वाली भाषा का प्रयोग किया गया था।
पटना के मरीन ड्राइव से हुई गिरफ्तारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित विधिक कार्रवाई शुरू की और 19 अगस्त 2026 को नगर थाना में कांड संख्या-827/26 दर्ज किया। मानवीय व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान के बाद नगर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अभियुक्त राजू कुमार राम को पटना के मरीन ड्राइव से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबूला जुर्म
कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने फेसबुक पर आपत्तिजनक पोस्ट डालने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा जेल में भेज दिया है।
बोले एसपी....
वहीं इस मामले में एसपी विनय तिवारी ने वताया की सोशल मीडिया पर भ्रामक, अफवाह फैलाने वाली, भड़काऊ या सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुँचाने वाली सामग्री पोस्ट करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट