स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर डीएम सख्त: कम सर्जरी और बेवजह रेफर करने वालों पर होगी कार्रवाई

जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभा कक्ष में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

गोपालगंज: जिला पदाधिकारी समीर सौरभ की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभा कक्ष में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की स्वास्थ्य सेवाओं, सर्जरी के आंकड़ों, बेवजह मरीजों को रेफर करने की प्रवृत्ति और आशा कार्यकर्ताओं के चयन प्रक्रिया की विस्तृत समीक्षा की गई। डीएम ने लक्ष्य से कम उपलब्धि और गैर-ज़रूरी रेफरल पर कड़ा रुख अपनाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

अगस्त 2026 में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में कुल 110 सर्जरी दर्ज की गई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुलवरिया और उचकागांव में निर्धारित लक्ष्य से कम सर्जरी होने पर डीएम ने असंतोष जताया। संतोषजनक जवाब न मिलने पर डीएम ने स्पष्ट किया कि कम प्रगति वाले संस्थानों के प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अनुमंडलीय अस्पताल (एसडीएच) हथुआ से एक माह के भीतर 66 मरीजों को रेफर किए जाने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। डीएम ने कहां कि जिन अस्पतालों में इलाज की सुविधाएं मौजूद हैं, वहां से मरीजों को उच्चतर केंद्रों पर न भेजा जाए। रेफर केवल गंभीर चिकित्सकीय आवश्यकता पर ही होना चाहिए। जानकारी दी गयी कि एसडीएच हथुआ में 1,398 आपातकालीन पंजीकरण, 323 भर्ती और 56 रेफरल तथा जिले में कुल 2,816 आपातकालीन पंजीकरण, 859 भर्ती और 168 रेफरल का आंकडा है। बैठक में फुलवरिया और मांझा प्रखंड में आशा कार्यकर्ताओं के चयन में देरी पर असंतोष व्यक्त करते हुए प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। मांझा में 195 में से 185 तथा फुलवरिया में सभी 138 आशा कार्यकर्ता सक्रिय दर्ज की गईं।

डीएम समीर सौरभ ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का मुख्य उद्देश्य मरीजों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाना है, केवल कागजी आंकड़े जुटाना नहीं। उन्होंने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को डॉक्टरों की उपस्थिति, सर्जरी, भर्ती और रेफरल की दैनिक निगरानी करने का आदेश दिया। बैठक में सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक धीरज कुमार, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी रंजीत कुमार सहित सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी व स्वास्थ्य प्रबंधक उपस्थित थे।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट