गोपालगंज: गोपालगंज शहर के बंजारी स्थित गोपाल मोटर गैरेज में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते गैरेज में रखी कार समेत कई गाड़ियों के पार्ट्स आग की चपेट में आ गए। इस अगलगी की घटना में भारी नुकसान होने की बात सामने आ रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई है।
घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। गैरेज से उठती आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग और पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। वहीं, पुलिस टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
गैरेज में बड़ी संख्या में गाड़ियों के पार्ट्स और अन्य सामान रखे होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट या अन्य किसी कारण से आग लगी है, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल अग्निशमन विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई है। आग बुझने के बाद ही नुकसान का वास्तविक आकलन किया जा सकेगा।
गोपालगंज/कुमार मंजेश की रिपोर्ट