थावे में लापता दूसरे मदरसा छात्र का भी शव बरामद, 2 जिलों की पुलिस कर रही कैंप, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

सिवान जिले के एक मदरसे से लापता हुए दूसरे छात्र का शव भी गोपालगंज पुलिस ने बरामद कर लिया है। गुरुवार को थावे थाना क्षेत्र के बंगरा पांडेय टोली स्थित चंवर में एक तालाब के पास से पुलिस ने छात्र का शव बरामद किया।

गोपालगंज/सिवान : सिवान जिले के एक मदरसे से लापता हुए दूसरे छात्र का शव भी गोपालगंज पुलिस ने बरामद कर लिया है। गुरुवार को थावे थाना क्षेत्र के बंगरा पांडेय टोली स्थित चंवर में एक तालाब के पास से पुलिस ने छात्र का शव बरामद किया। मृतक की पहचान सीवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के बनियापुर निवासी असगर अली के रूप में की गई है। इससे एक दिन पहले, बुधवार को इसी मामले में लापता पहले छात्र मोहम्मद जैद अली का शव भी बरामद हुआ था। लगातार दो दिनों में दोनों छात्रों के शव मिलने के बाद पूरे इलाके में गहरा आक्रोश और तनाव का माहौल व्याप्त है।

मदरसा वारसिया उलूम के छात्र थे दोनों मृतक

जानकारी के अनुसार, मृतक असगर अली और मोहम्मद जैद अली दोनों सीवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के बनियापुर गांव के रहने वाले थे। दोनों छात्र तेतहली स्थित 'मदरसा वारसिया उलूम' में तालीम हासिल कर रहे थे। एक साथ दो छात्रों की मौत की खबर से उनके गांव बनियापुर और मदरसा परिसर में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

चंदा वसूलने के दौरान शुरू हुआ था विवाद, ड्रोन से हुई तलाश

घटनाक्रम के मुताबिक, बीते 23 नवंबर को मदरसे के पांच छात्र चंदा वसूलने के उद्देश्य से एक ऑटो में सवार होकर गोपालगंज आए थे। रास्ते में थावे थाना क्षेत्र के बंगरा गांव के समीप उनका ऑटो अचानक खराब हो गया। बताया जा रहा है कि ऑटो ठीक होने के इंतजार के दौरान कुछ छात्र पास के एक खेत में गन्ना तोड़ने लगे। इसी बीच खेत मालिक मौके पर पहुंच गया और उसने छात्रों को पकड़ लिया। इस घटना के बाद से ही मदरसे के दो छात्र रहस्यमय ढंग से लापता हो गए थे।

छात्रों के गायब होने के बाद परिजनों और मदरसा प्रबंधन की ओर से थावे थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी

छात्रों के गायब होने के बाद परिजनों और मदरसा प्रबंधन की ओर से थावे थाने में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने लापता छात्रों की तलाश के लिए चंवर और आसपास के दुर्गम इलाकों में ड्रोन कैमरों की मदद से व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। इसी तलाशी अभियान के दौरान बुधवार को मोहम्मद जैद अली और गुरुवार को असगर अली का शव बंगरा पांडेय टोली स्थित चंवर में तालाब के पास से बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।

मौके पर दो जिलों की पुलिस तैनात, परिजनों का हत्या का आरोप

दोनों छात्रों के शव मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर तनाव बढ़ गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिवान और गोपालगंज दोनों जिलों की पुलिस मौके पर कैंप कर रही है। दूसरी ओर, मृतक छात्रों के परिजनों ने इसे हादसा मानने से इनकार करते हुए सीधे तौर पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी तथा उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

पूर्व विधायक रेयाजुल हक राजू ने की निंदा

इस घटना को लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। पूर्व विधायक रेयाजुल हक राजू ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद और निंदनीय घटना है, जिसकी जितनी भी निंदा की जाए वह कम है। पूर्व विधायक ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि पीड़ित परिवार की ओर से हत्या का गंभीर आरोप लगाया गया है, इसलिए पुलिस को इस पहलू की गहनता और गंभीरता से जांच करनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएं, उन्हें किसी भी सूरत में बख्शा न जाए और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट