गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक को काम करने के दौरान सांप ने डंस लिया, तो उसने गुस्से या सूझबूझ में सांप को ही पकड़ लिया और जिंदा सांप को हाथ में लिए ही करीब 25 किलोमीटर दूर सदर अस्पताल पहुंच गया। युवक के हाथ में जिंदा सांप देखकर अस्पताल के डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भी चौंक गए और इमरजेंसी वार्ड में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल मच गया।
सामान हटाने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना गोपालगंज के गोपालपुर थाना क्षेत्र के सेमरा बाजार की है। यहां रहने वाले शकील अंसारी एक गोदाम में काम कर रहे थे। गोदाम में रखे सामान को व्यवस्थित करने के लिए जब वह बोरे हटा रहे थे, तभी वहां छिपे हुए एक जहरीले सांप ने उनके हाथ में डंस लिया।
25 किलोमीटर का सफर तय कर पहुंचा अस्पताल
सांप के काटने के बाद शकील ने घबराने के बजाय उस सांप को अपने हाथों से दबोच लिया। इसके बाद वह उसी जिंदा सांप को हाथ में पकड़े हुए सेमरा बाजार से सीधे गोपालगंज सदर अस्पताल के लिए रवाना हो गए। लगभग 25 किलोमीटर का सफर तय कर जब वह अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को अपना हाथ दिखाया, तो नजारा देख सभी की सांसें थम गईं। डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए युवक को सुरक्षित तरीके से सांप से अलग किया और फौरन उसका इलाज शुरू किया। गनीमत यह रही कि समय पर अस्पताल पहुंचने और सही इलाज मिलने से युवक की जान खतरे से बाहर बताई जा रही है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट