बिजली तार चोर गिरोह का भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार; 25 से अधिक सदस्यों के नेटवर्क का खुलासा!

गोपालगंज जिले में बिजली के तारों की चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह में 25 से अधिक सदस्यों के शामिल होने की जानकारी मिली है।

गोपालगंज: गोपालगंज जिले में बिजली के तारों की चोरी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह में 25 से अधिक सदस्यों के शामिल होने की जानकारी मिली है। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर 15 बंडल बिजली के तार, लगभग आधा बंडल खुला तार, एक पिकअप, दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं

पुलिस के मुताबिक, 21 अक्टूबर 2026 को बरौली थाना क्षेत्र के जोकहाँ बांध, पंचायत सोनवर्षा से मोहद्दीपुर पकड़िया तक 11 केवी विद्युत लाइन और एलटी केबल के तार चोरी होने की सूचना मिली थी। कनीय विद्युत अभियंता के आवेदन पर बरौली थाना कांड संख्या 372/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, गोपालगंज के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 के नेतृत्व में बरौली थाना पुलिस और डीआईयू की संयुक्त टीम गठित की गई। मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार, सर्वेश कुमार श्रीवास्तव और रूपेश कुमार मिश्रा, तीनों जिला गोपालगंज के निवासी, जबकि निलेश साह और बबलू कुमार, जिला पूर्वी चंपारण के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने सर्वेश कुमार श्रीवास्तव को गिरोह का कथित मुख्य संचालक बताया है।

मुजफ्फरपुर की फैक्ट्री तक पहुंचाए जाते थे चोरी के तार!

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, गिरोह के सदस्य पिकअप वाहनों से घटनास्थल पर पहुंचकर बिजली के तार चोरी करते थे। चोरी के तारों को कथित तौर पर कुछ ठेकेदारों और कबाड़ी के माध्यम से आगे भेजा जाता था। जांच में चोरी के तार मुजफ्फरपुर स्थित एक एल्युमिनियम फैक्ट्री तक पहुंचाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है

पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर पिछले करीब 10 महीनों में गोपालपुर, कुचायकोट, नगर, मांझागढ़, बरौली, सिधवलिया, मोहम्मदपुर और बैकुंठपुर थाना क्षेत्रों में बिजली के तार चोरी की विभिन्न घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इन मामलों में उनकी भूमिका का सत्यापन संबंधित कांडों के अनुसंधान के दौरान किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, गिरोह के मुख्य संचालक बताए जा रहे सर्वेश कुमार श्रीवास्तव का पूर्व में कई आपराधिक मामलों में नाम दर्ज रहा है। विनोद कुमार और बबलू कुमार का नाम भी पूर्व के मामलों में सामने आया है। पूछताछ में थावे मंदिर में चोरी की कथित योजना बनाए जाने की जानकारी भी मिली है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

इस कार्रवाई के बाद बिजली के तार चोरी करने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस बरामद सामान, आरोपियों के आपराधिक इतिहास और विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों की जांच कर रही है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।

गोपालगंज से शंकर जी की रिपोर्ट