Bihar MLC Election: सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: 14 केंद्रों पर 1297 मतदाता करेंगे मतदान

बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। गोपालगंज जिले में कुल 1297 मतदाता 14 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

गोपालगंज: बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी समीर सौरभ और पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी की संयुक्त अध्यक्षता में विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई।

बैठक में प्रतिनियुक्त सुपर जोनल एवं जोनल दंडाधिकारियों, पीठासीन पदाधिकारियों, माइक्रो ऑब्जर्वर और पुलिस पदाधिकारियों को निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।

निर्वाचन आयोग के निर्देशों का सख्ती से होगा पालन

जिला निर्वाचन पदाधिकारी समीर सौरभ ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए सभी अधिकारी निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। मतदान प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी आपसी समन्वय बनाकर निर्वाचन कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराएं।

उन्होंने मतदान समय पर शुरू कराने, मतपत्रों और मतपेटिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने का निर्देश दिया। साथ ही, मतदान केंद्रों पर निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन कराने और ऑनलाइन रिपोर्टिंग समय पर पूरी करने पर जोर दिया।

गोपालगंज के 14 केंद्रों पर 1297 मतदाता करेंगे मतदान

गोपालगंज जिले में कुल 1297 मतदाता 14 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। निर्धारित परिधि में अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी। मतदान सामग्री प्राप्त करने के बाद चेकलिस्ट से उसका मिलान करना अनिवार्य होगा, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही पर सख्त निर्देश

पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी ने कहा कि निर्वाचन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या चूक नहीं होनी चाहिए। पुलिस और प्रशासनिक पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करें।

ब्रीफिंग के दौरान मतदान कर्मियों की जिम्मेदारियों, मतदाता पहचान पत्रों के सत्यापन, वायलेट रंग के पेन के उपयोग और मतदान के बाद मतपेटिकाओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जमा कराने संबंधी निर्देश भी दिए गए। माइक्रो ऑब्जर्वर को अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा मतदान प्रक्रिया की सतत वीडियोग्राफी सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. शशि प्रकाश राय, अनुमंडल पदाधिकारी गोपालगंज डॉ. प्रेरणा सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, मतपेटिकाओं की सुरक्षा और मतदाताओं के लिए भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

गोपालगंज से शंकर जी की रिपोर्ट