बिहार क़े गोपालगंज पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुचायकोट थाना क्षेत्र के बहुचर्चित नाबालिग लड़की के अपहरण और दुष्कर्म मामले में पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने पंजाब के लुधियाना से धर दबोचा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुचायकोट थाना क्षेत्र के नया टोला श्यामपुर गांव निवासी मकसूद अंसारी क़े पुत्र कयामुद्दीन अंसारी क़े रूप में की गई है।
एसपी विनय तिवारी क़े अनुसार, मामला 14 दिसंबर 2020 का है। पीड़िता (नाबालिग लड़की) अपने घर से स्कूल में पढ़ाई करने के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी खोजबीन की, परंतु उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजनों द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर कुचायकोट थाने में मामला दर्ज किया गया।
नशीला पदार्थ खिलाकर किया था अगवा
मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस ने पीड़िता को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया था। पीड़िता ने पुलिस और अदालत के समक्ष दिए अपने बयान में खुलासा किया था कि मुख्य आरोपी कयामुद्दीन अंसारी ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और अपने साथ ले गया। पुलिस जांच और तकनीकी साक्ष्यों में भी आरोपी की संलिप्तता की पुष्टि हुई थी।
लुधियाना में पुलिस टीम की छापेमारी
घटना के बाद से ही मुख्य आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। गोपालगंज पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक विशेष टीम का गठन किया गया।
तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी पंजाब के लुधियाना में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने लुधियाना में तुरंत छापेमारी कर आरोपी कयामुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार कर लिया जिसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है।
गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट