आभूषण दुकानों में छापेमारी, चार थानों की पुलिस के साथ 30 से अधिक जवान रहे तैनात

गोपालगंज: जिले में चोरी की बढ़ती घटनाओं के अनुसंधान के क्रम में रविवार को चार थानों की पुलिस ने फुलवरिया थाना क्षेत्र के बथुआ बाजार स्थित आभूषण दुकानों में छापेमारी की।

फुलवरिया/गोपालगंज: जिले में चोरी की बढ़ती घटनाओं के अनुसंधान के क्रम में रविवार को चार थानों की पुलिस ने फुलवरिया थाना क्षेत्र के बथुआ बाजार स्थित आभूषण दुकानों में छापेमारी की। करीब दो माह पूर्व कुचायकोट थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना में गिरफ्तार आरोपित को रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि, छापेमारी के दौरान पुलिस को चोरी के आभूषण बरामद नहीं हो सका।

मुख्य बाजार में अचानक चार थानों की पुलिस और 30 से अधिक जवानों की मौजूदगी से व्यवसायियों में बेचैनी देखी गई। कई दुकानों की जांच की गई। घंटों चली इस कार्रवाई के दौरान बाजार में लोगों की भीड़ भी जुटी रही। छापेमारी दल में कुचायकोट थानाध्यक्ष दर्पण सुमन, गोपालपुर थानाध्यक्ष परमेश्वर कुमार, फुलवरिया थानाध्यक्ष कुंदन कुमार तथा श्रीपुर थाने के सुधीर कुमार पासवान शामिल रहे।

बताया जाता है कि दो माह पूर्व गोपालपुर थाना क्षेत्र तथा कुचायकोट थाना क्षेत्र के बरनईया गांव में चोरी की घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं में अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये मूल्य के आभूषण, कीमती कपड़े और अन्य सामान चोरी कर लिए थे। 

वहीं, शुक्रवार शाम श्रीपुर थाना क्षेत्र के मंगहा गांव में भी चोरी की घटना हुई, जहां एक युवक पर अपने दोस्त के घर से आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी करने का आरोप है।हथुआ एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि आरोपित की निशानदेही पर छापेमारी की गई है। पुलिस मामले में जल्द ही आगे की कार्रवाई करेगी।

फुलवरिया-गोपालगंज से संदीप कुमार की रिपोर्ट