गोपालगंज जिले में अपराध और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी कड़ी में गोपालगंज पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी द्वारा जिले के दो कुख्यात और लंबे समय से फरार चल रहे अपराधियों पर पचास-पचास हजार रुपये का नकद इनाम की घोषणा की गई है। पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।
बता दे की गोपालगंज पुलिस ने जिस दो हिस्ट्रीशीटर मनिन्द्र मिश्रा और मनु यादव पर इनाम घोषित किया है उसमे मनिन्द्र मिश्रा मूल रूप से कटेया थाना क़े सुल्तानपुर गांव का रहने वाला है.जिसके ऊपर हत्या, लूट, डकैती, और चोरी जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इसके खिलाफ जिले के कटेया, भोरे, विजयीपुर और नगर थाना सहित कई अन्य थानों में मामले दर्ज हैं.और यह शातिर अपराधी काफी वक्त से फरार है और पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। अभी हाल ही में भोरे के प्रतिष्ठित निजी क्लीनिक के डॉक्टर संदीप गुप्ता से भी रंगदारी की मांग की थी। जिसको लेकर पीड़ित ने भोरे थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जबकि दूसरा कुख्यात अपराधी मनु यादव मूल रूप से उचकागांव थाना इलाके क़े भगवान टोला का रहने वाला है। मनु यादव के खिलाफ गोपालगंज जिले के विभिन्न थानों में लूट, डकैती सहित कई अन्य संगीन और गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से फरार चल रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन वह अभी तक हत्थे नहीं चढ़ा है।
गोपालगंज एसपी विनय तिवारी ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी व्यक्ति को इन दोनों वांछित अपराधियों (मनु यादव और मनिन्द्र मिश्रा) के बारे में कोई भी पुख्ता जानकारी मिले, तो वे तुरंत अपने नजदीकी थाने या गोपालगंज पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गुप्त रखी जाएगी। जो भी व्यक्ति इन अपराधियों की गिरफ्तारी करवाएगा या उनकी गिरफ्तारी में सहायक और सटीक जानकारी देगा, उसे नियमानुसार 50,000 रूपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।