गोपालगंज: सिविल कोर्ट की पॉक्सो विशेष अदालत से भोरे थानाध्यक्ष रोहिणी उपाध्याय को बड़ा कानूनी झटका लगा है। मोहम्मदपुर थाना में पदस्थापना के दौरान दर्ज एक गंभीर मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए दाखिल की गई उनकी अग्रिम जमानत याचिका को विशेष न्यायाधीश पंकज चंद्र वर्मा की अदालत ने खारिज कर दिया है। निचली अदालत से राहत नहीं मिलने के बाद अब थानाध्यक्ष के सामने कानूनी राहत के लिए पटना हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने का विकल्प बचा है।अदालत के इस फैसले के बाद पुलिस महकमे में भी मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खास बात यह है कि इसी मामले में एसआई रामबाबू यादव समेत कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ अदालत पहले ही गैर जमानती वारंट जारी कर चुकी है। ऐसे में मामले की कानूनी कार्रवाई ने पुलिस विभाग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
दरअसल, पूरा मामला गोपालगंज जिले के मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के बुधसी गांव से जुड़ा हुआ है। आरोपों के मुताबिक, 2 जून 2025 को गांव निवासी मुन्ना सिंह के घर में कुछ लोग घुस गए थे। इस दौरान घर की महिलाओं और किशोरियों के साथ दुर्व्यवहार तथा मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।मुकदमे में लगाए गए आरोपों के अनुसार, घटना के बाद महिलाओं और किशोरियों को जबरन पकड़कर थाने की हाजत में बंद कर दिया गया था। आरोप है कि हाजत में भी उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। इस घटना को लेकर पीड़ित पक्ष ने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए थे।
इस मामले में मुन्ना सिंह की पत्नी ललिता देवी ने अपने अधिवक्ता निखिल सिंह के माध्यम से न्यायालय में मुकदमा दायर किया था। मुकदमे में गांव के प्रदीप कुमार के अलावा तत्कालीन पुलिस अवर निरीक्षक रामबाबू यादव, रोहिणी उपाध्याय, पिंटू कुमार सहित कई पुलिसकर्मियों और एक चौकीदार को आरोपित बनाया गया था।मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने आरोपों पर संज्ञान लिया। इसके बाद संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ी। इसी क्रम में एसआई रामबाबू यादव समेत कई पुलिसकर्मियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी होने की बात सामने आई।
अदालत द्वारा मामले में संज्ञान लिए जाने के बाद रोहिणी उपाध्याय ने संभावित गिरफ्तारी से राहत पाने के लिए अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी। इस याचिका पर दोनों पक्षों की ओर से अपनी-अपनी दलीलें पेश की गईं।दोनों पक्षों को सुनने के बाद पॉक्सो के विशेष न्यायाधीश पंकज चंद्र वर्मा की अदालत ने अग्रिम जमानत देने से इनकार करते हुए याचिका खारिज कर दी। अदालत के इस फैसले से थानाध्यक्ष को फिलहाल निचली अदालत से राहत नहीं मिल सकी है।
पॉक्सो कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद अब इस मामले में आगे की कानूनी लड़ाई पटना हाईकोर्ट तक पहुंच सकती है। थानाध्यक्ष के पास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दाखिल करने का कानूनी विकल्प मौजूद है।फिलहाल इस पूरे प्रकरण में अदालत की कार्रवाई और आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं। एक तरफ पुलिस पदाधिकारियों के खिलाफ जारी न्यायिक कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है, तो दूसरी तरफ पीड़ित पक्ष को न्याय मिलने की उम्मीद है।बड़ा सवाल: जिस पुलिस व्यवस्था पर आम लोगों की सुरक्षा और कानून की रक्षा की जिम्मेदारी है, उसी व्यवस्था के पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगने के बाद न्यायालय की कार्रवाई ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
ब्यूरो रिपोर्ट – कुमार प्रदीप, गोपालगंज