9 साल पुराने मंदिर मूर्ति लूटकांड का खुलासा, STF की मदद से विजयीपुर का आरोपी गिरफ्तार

करीब नौ साल पहले कटेया थाना क्षेत्र के हीरमती रानी मंदिर में हुई मूर्ति लूट की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ के सहयोग से पुलिस ने इस बहुचर्चित लूटकांड में शामिल एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।

गोपालगंज/कटेया : करीब नौ साल पहले कटेया थाना क्षेत्र के हीरमती रानी मंदिर में हुई मूर्ति लूट की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ के सहयोग से पुलिस ने इस बहुचर्चित लूटकांड में शामिल एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजयीपुर थाना क्षेत्र के खुटहा गांव निवासी बिकाऊ चौधरी उर्फ रामकिशुन यादव के रूप में हुई है। उसकी गिरफ्तारी मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई है।

अपराधियों ने मंदिर में स्थापित पत्थर की मूर्ति लूट ली थी

मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2017 को अज्ञात अपराधियों ने कटेया थाना क्षेत्र स्थित हीरमती रानी मंदिर परिसर को निशाना बनाया था। अपराधियों ने मंदिर में स्थापित पत्थर की मूर्ति लूट ली थी। इतना ही नहीं, मंदिर के बगल में स्थित एक गुमटी का ताला तोड़कर उसमें रखे बिस्कुट समेत अन्य सामान और मंदिर परिसर में रखे चावल भी लूट लिए थे। इस घटना से इलाके में काफी चर्चा हुई थी। मामले में कटेया थाना कांड संख्या 310/17, दिनांक 18 अक्टूबर 2017 को नौ अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अनुसंधान शुरू किया था। इस मामले में पूर्व में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी।

कटेया थाना पुलिस व STF की संयुक्त कार्रवाई में बिकाऊ को गिरफ्तार कर लिया गया

इसी कड़ी में कटेया थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में बिकाऊ चौधरी उर्फ रामकिशुन यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने मंदिर लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। साथ ही, उसने इस वारदात में शामिल अपने अन्य साथियों के नाम और उनकी भूमिका के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी है। पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर अन्य संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। नौ साल पुराने इस मामले में हुई गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की नजर लूटकांड में शामिल बाकी आरोपियों पर है।

गोपालगंज से शंकर जी की रिपोर्ट