30 दिन, 3 जिंदगियां और पुलिस के खाली हाथ! मां-बच्चों का सुराग नहीं, सोशल मीडिया पर खुली चुनौती

मीरगंज थाना क्षेत्र के बढेया गांव से एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों के अपहरण तथा मामले में पुलिस की कथित निष्क्रियता का गंभीर मामला सामने आया है।

गोपालगंज : मीरगंज थाना क्षेत्र के बढेया गांव से एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों के अपहरण तथा मामले में पुलिस की कथित निष्क्रियता का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने गोपालगंज एसपी को पत्र भेज कर आरोप लगाया है कि प्राथमिकी दर्ज हुए एक महीना बीत जाने के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम बच्चों की हत्या की धमकी दे रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?

भोरे थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी दल बहादुर पटेल ने अपने छोटे बेटे सुमित पटेल की शादी पुरे हिन्दू रीति रिवाज के साथ मीरगंज थाना इलाके के बढ़ेया गांव निवासी बिरबल पटेल की पुत्री पवित्रा कुमारी उर्फ जोनी के साथ की थीं। शादी के एक साल बाद जोनी ने मां बन गई और उसने अलोक और लकी को जन्म दिया। बड़ा पुत्र अलोक सात साल का है जबकि लकी तीन साल का है। वहीं लकी के जन्म लेने के बाद पति सुमित पटेल बिहार राज्य परिवहन निगम में बस चालक हैं। इसी बीच सुमित की पत्नी पवित्रा देवी उर्फ जोनी देवी बीते पांच अक्टूबर 2026 को अपना इलाज कराने की बात कहकर अपने दो नाबालिग बेटों आलोक कुमार और लक्की के साथ अपने मायके चली गई। वह गांव के ही एक युवक के साथ फरार हो गई।

साजिश के तहत अपहरण का आरोप

इस मामाले में पिता दलबहादुर पटेल का आरोप है कि एक सोची-समझी साजिश के तहत बढेया गांव के ही निवासी गणेश पांजेय के पुत्र निरज पांडेय ने उनकी पुत्रवधू और दोनों पोतों को अगवा कर लिया है। पीड़ित के अनुसार, इस साजिश में महिला की मां भवानी देवी, पिता बिरबल पटेल और बहनोई रमेश पटेल शामिल है। 

पुलिस जांच पर सवाल और सोशल मीडिया पर खुली चुनौती

इस संबंध में सुमित कुमार पटेल के लिखित आवेदन पर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसकी जांच पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) अनिमा राणा कर रही हैं। परिजनों का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज हुए लगभग एक माह हो चुका है, लेकिन अनुसंधानकर्ता द्वारा बरामदगी या गिरफ्तारी के लिए कोई सकारात्मक प्रयास नहीं किया जा रहा है। पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया है कि पुलिसिया कार्रवाई न होने के कारण आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। मुकदमा न उठाने पर दोनों मासूम बच्चों की हत्या कर लाश फेंक देने की धमकी दी जा रही है। 

तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पुलिस को खुली चुनौती दे रहा है

इतना ही नहीं, मुख्य आरोपी निरज पाण्डेय अपहृत महिला के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पुलिस को खुली चुनौती दे रहा है कि पुलिस न तो उसे गिरफ्तार कर सकती है और न ही बच्चों को बरामद कर सकती है। पीड़ित बुजुर्ग ने वरीय पुलिस अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों मासूम बच्चों की सकुशल बरामदगी और नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।

गोपालगंज से कुमार प्रदीप की रिपोर्ट