गोपालगंज: जिले में स्थित समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को जिला बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक प्रभारी मंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, पूर्व बैठक के निर्देशों के अनुपालन तथा लंबित कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में मंत्री सुनील कुमार, सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन, विधान पार्षद राजीव कुमार उर्फ गप्पू बाबू, विधान परिषद सदस्य जनक राम, विधायक राम सेवक सिंह व मंजीत कुमार सिंह, बीस सूत्री समिति के उपाध्यक्ष संदीप गिरी व आदित्य कुमार शाही, डीएम समीर सौरभ, एसपी विनय तिवारी समेत समिति के सदस्य एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। डीएम ने अतिथियों का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
बैठक में थावे एवं भोरे प्रखंड की चार-चार पंचायतों को नगर पंचायत के रूप में गठित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। प्रस्ताव पर सहमति बनने के बाद संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया गया। थावे मंदिर के सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने संबंधित विभाग को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। शिक्षा विभाग के कमांड एंड कंट्रोल पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित आवेदनों का ससमय, गुणवत्तापूर्ण एवं नियमानुसार निष्पादन करने का निर्देश दिया गया। वहीं राजस्व मामलों की समीक्षा के दौरान डीसीएलआर सदर एवं हथुआ को राजस्व कर्मियों की रोस्टरवार सूची बीस सूत्री समिति के सदस्यों को उपलब्ध कराने को कहा गया। दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन के मामलों का भी निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान विजयीपुर के कनीय अभियंता के स्तर पर कर्तव्यहीनता एवं लापरवाही के मामले को गंभीरता से लिया गया। प्रभारी मंत्री ने संबंधित पदाधिकारी को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा अधिक से अधिक पात्र लाभुकों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया गया। किसानों के फॉर्मर आईडी पंजीयन की भी समीक्षा की गई। जिला कृषि पदाधिकारी एवं संबंधित राजस्व अधिकारियों को पंजीयन कार्य में तेजी लाने और पात्र किसानों को इससे जोड़ने का निर्देश दिया गया।
सरकारी भवनों एवं परिसरों पर अवैध कब्जे के मामलों को गंभीरता से लेते हुए सभी स्थलों को तत्काल अतिक्रमणमुक्त कराने का निर्देश दिया गया। सरकारी संपत्ति पर अवैध कब्जा करने वाले लोगों के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराने को भी कहा गया। जिले में हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए व्यापक पौधरोपण कराने और लगाए गए पौधों के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया गया।
गोपालगंज नगर क्षेत्र के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर हाई रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया। इससे शहर की निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
गन्ना किसानों को गन्ना मूल्य के भुगतान पर देय ब्याज से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए ईख पदाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं लोक स्वास्थ्य प्रमंडल की समीक्षा के दौरान कार्यपालक अभियंता को प्रखंडवार नल-जल योजनाओं की सूची बीस सूत्री समिति के सदस्यों को उपलब्ध कराने को कहा गया। जिले में खराब पड़े चापाकलों की पहचान कर उनकी तत्काल मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक के अंत में प्रभारी मंत्री ने सभी विभागीय अधिकारियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।