पुलिस पदाधिकारी से दुर्व्यवहार व हाथापाई करने वाला युवक गिरफ्तार, सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप

जिले के पहलेजा थाना क्षेत्र में पुलिस पदाधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार, धक्का-मुक्की और हाथापाई करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक चाकू भी बरामद किया है।

सारण : जिले के पहलेजा थाना क्षेत्र में पुलिस पदाधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार, धक्का-मुक्की और हाथापाई करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक चाकू भी बरामद किया है। इस संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण की ओर से शनिवार सात नवंबर 2026 को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी गई।

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, एक युवक पुलिस पदाधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार व हाथापाई करते दिखाई दे रहा था

पुलिस के अनुसार, छह नवंबर 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक पुलिस पदाधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार और हाथापाई करते दिखाई दे रहा था। मामले की जांच में सामने आया कि छह नवंबर की रात करीब 10 बजे पहलेजा थानाध्यक्ष को रुपए के लेन-देन से संबंधित एक लिखित आवेदन प्राप्त हुआ था। आवेदन के आधार पर थानाध्यक्ष ने मामले की जांच के लिए गश्ती पदाधिकारी को निर्देश दिया। इसके बाद पुलिस टीम आवेदनकर्ता की कस्मर बाजार स्थित फास्ट फूड दुकान पर पहुंची। जांच के दौरान राजेश कुमार राय नामक युवक हाथ में चाकू लेकर आवेदनकर्ता से विवाद और मारपीट कर रहा था। आरोप है कि वह उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहा था।

मौके पर मौजूद गश्ती पदाधिकारी ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया और थाना चलने के लिए कहा

पुलिस के मुताबिक, मौके पर मौजूद गश्ती पदाधिकारी ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया और थाना चलने के लिए कहा। इसी दौरान आरोपी राजेश कुमार राय ने पुलिस पदाधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने धक्का-मुक्की और हाथापाई करते हुए सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। घटना की गंभीरता को देखते हुए गश्ती पदाधिकारी ने तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल की सहायता से आरोपी राजेश कुमार राय को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके पास से एक चाकू भी जब्त किया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश कुमार सारण के रूप में हुई है

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश कुमार राय पिता महेश राय निवासी उत्तरी सबलपुर नेवल टोला थाना सोनपुर जिला सारण के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में पहलेजा थाना कांड संख्या 206/26 छह नवंबर 2026 दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में पहलेजा थानाध्यक्ष सहित थाने के अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी शामिल थे।