सारण : सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया। पांच जिलों में बनाए गए 98 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान की प्रक्रिया निर्धारित की गई है। चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। इस चुनाव में कुल 18 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जिनके राजनीतिक भविष्य का फैसला 10,748 मतदाता करेंगे। मतगणना 27 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शुरू होगी।
DM और SSP ने मतदान केंद्र का किया निरीक्षण
मतदान शुरू होने के बाद जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रोशन कुमार ने छपरा सदर अनुमंडल के डीसीएलआर कार्यालय स्थित मतदान केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मतदान की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय से मतदान शुरू हुआ है। जिलाधिकारी और एसएसपी ने संबंधित पदाधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया पर लगातार नजर बनाए रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने का निर्देश दिया। प्रशासन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ चुनाव संपन्न कराने को कहा है।
18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कुल 18 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें जनता दल यूनाइटेड के आनंद पुष्कर, राष्ट्रीय जनता दल के जयराम यादव और जन सुराज पार्टी के आफाक अहमद प्रमुख प्रत्याशियों में शामिल हैं। इनके अलावा प्रियांशु कुमार कश्यप समेत कई निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव लड़ रहे हैं। अन्य प्रत्याशियों में विद्या सागर विद्यार्थी, मनोहर कुमार श्रीवास्तव, सैयद नजमुल होदा, डॉ. राहुल राज, राम पुकार सिन्हा, इमाम हसन, लालू प्रसाद यादव, नाजीर हुसैन, हिमांशु शेखर, प्रदीप कुमार, रमेंद्र राय, नुमान अहमद खान नजमी, कैलाश तिवारी और बैतुल्लाह अंसारी शामिल हैं।
सुरक्षा के लिए 200 मीटर का दायरा निर्धारित
मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 200 मीटर की परिधि निर्धारित की गई है। इस क्षेत्र में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, मतदान केंद्र के 200 मीटर के भीतर किसी राजनीतिक दल या प्रत्याशी को बूथ स्थापित करने की अनुमति नहीं है। प्रशासन ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। सुरक्षा बलों और संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा चुनावी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शिकायत के लिए कंट्रोल रूम नंबर जारी
चुनाव से संबंधित शिकायतों और आवश्यक सूचनाओं के लिए जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम का नंबर 06152-242444 जारी किया है। मतदाता और अन्य संबंधित व्यक्ति इस नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। प्रशासन का लक्ष्य चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना है। अब सभी की नजरें मतदान प्रक्रिया पूरी होने और 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जिसके बाद सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नए प्रतिनिधि को लेकर तस्वीर स्पष्ट होगी।
सारण से यशवंत कुमार सिंह की रिपोर्ट