बेलगाम अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम, स्वर्ण व्यवसायी के सिर में मारी गोली

बिहार के सारण जिले से बडी खबर है। यहां बेलगाम हो चुके अपराधियों ने फिर दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने यहां एक स्वर्ण व्यवसायी को सरेआम गोली मार दी।

बिहार के सारण जिले से बडी खबर है। यहां बेलगाम हो चुके अपराधियों ने फिर दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने यहां एक स्वर्ण व्यवसायी को सरेआम गोली मार दी। घटना तब घटी जब व्यवसायी अपने घर जा रहे थे। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार जिले के अमनौर इलाके में बेलगाम हो चुके अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को गोली मार दी। बताया जा रहा है कि स्वर्ण व्यवसायी बजरंगी सोनी हर रोज की तरह अपनी दुकान को बंद कर के अपने घर जा रहे थे। इसी क्रम में अपराधियों ने सरेआम उनके सिर में गोली मार दी। अपराधियों ने व्यवसायी पर अचानक हमला किया। स्वर्ण व्यवसायी पर अपराधियों ने करीब तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली उनके सिर में जा लगी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड एकत्र हो गयी।

गोली लगने से गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को आनन फानन में नजदीकी अस्पताल में एडमिट कराया गया। जहां उनके हालात और बेहतर इलाज को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पीएमसीएच के लिए रेफर कर दिया। अब तक की मिली जानकारी के अनुसार व्यवसायी की हालत नाजुक बनी हुई है। सरेआम घटी इस वारदात के बाद स्थानीय व्यापारियों में भारी खौफ है।

इधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके का मुआयना किया और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास के लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस की टीम हमलावारों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी कर रही है। व्यवसायी पर किस कारण से हमला किया, इसके बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आयी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।