सारण में 17 नवंबर से होंगी निर्वाचन साक्षरता प्रतियोगिताएं, तीन चरणों में होगा आयोजन

छपरा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सारण जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। प्रतियोगिताओं की शुरुआत 17 नवंबर से होगी।

छपरा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर सारण जिले के सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों के बीच निबंध और क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। प्रतियोगिताओं की शुरुआत 17 नवंबर से होगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदाता जागरूकता के प्रति जागरूक करना है। इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये हैं।

प्रतियोगिताओं का आयोजन संस्थान, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र और जिला स्तर पर तीन चरणों में किया जायेगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहले चरण में 17 से 22 नवंबर तक विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर प्रतियोगिताएं होंगी। प्रत्येक संस्थान के निर्वाचन साक्षरता क्लब के माध्यम से निबंध और क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जायेगी। दोनों प्रतियोगिताओं से दो-दो प्रतिभागियों का चयन अगले चरण के लिए किया जायेगा।

दूसरे चरण में 24 से 27 नवंबर तक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसमें संस्थान स्तर पर चयनित विद्यार्थी भाग लेंगे। प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से प्रथम दस प्रतिभागियों का चयन जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जायेगा।

तीसरे और अंतिम चरण में 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसमें प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से चयनित दस-दस प्रतिभागी शामिल होंगे। निबंध और क्विज, दोनों प्रतियोगिताओं में जिला स्तर पर प्रथम दस विजेताओं का चयन किया जायेगा। प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित करने और प्रमाण-पत्र जारी करने के लिए 3 दिसंबर की तिथि निर्धारित की गयी है।

डीईओ को सौंपी गयी सफल आयोजन की जिम्मेदारी

जिलाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी को सभी विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निर्वाचन साक्षरता क्लबों के माध्यम से प्रतियोगिताओं का सफल और समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। इसके लिए निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने को कहा गया है।

प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन के लिए प्रश्न-पत्र, उत्तर-पत्रक, बैनर, अल्पाहार, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक संस्थान में प्रतियोगिता के संचालन के लिए एक शिक्षक या कर्मी प्रतिनियुक्त रहेंगे, जो आयोजन के दौरान विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहेंगे।

जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का संचालन जिला शिक्षा पदाधिकारी, सारण और उप निर्वाचन पदाधिकारी की देखरेख में किया जायेगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आयोजन सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासन का उद्देश्य अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित कर उनमें निर्वाचन साक्षरता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

छपरा से यशवंत की रिपोर्ट