सारण (बिहार)। सारण जिले के मशरक थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक पुजारी की गोली मारकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 37 वर्षीय रवि प्रकाश के रूप में हुई है। उनका शव सड़क किनारे ईंटों के ढेर के पास खून से लथपथ अवस्था में बरामद किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अपराधियों ने रवि प्रकाश की कनपटी में गोली मारकर उनकी हत्या की।
बताया जाता है कि रवि प्रकाश शिव चर्चा से जुड़े हुए थे और धरमासती बाजार में आरती भी दिखाते थे। उनकी हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों समेत परिवार को छोड़ गए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर डीएसपी संजय कुमार सुधांशु सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
*हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस*
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आपसी रंजिश समेत विभिन्न संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
इस घटना के बाद मशरक क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से हत्याकांड का जल्द खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
छपरा से यशवंत कुमार की रिपोर्ट