कर्मा-धर्मा पर्व पर मचा हड़कंप, एक साथ बुझे छह घरों के चिराग

राज्य के भागलपुर जिले से बडी खबर है। यहां सोमवार को हुए एक बडे हादसे में छह बच्चों की डूबने से मौत होने की खबर है। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

भागलपुर: राज्य के भागलपुर जिले से बडी खबर है। यहां सोमवार को हुए एक बडे हादसे में छह बच्चों की डूबने से मौत होने की खबर है। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद मौके पर स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ वरीय अधिकारी उपस्थित हैं। 

मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को जिले के अजगैवीनाथ धाम प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत नारायणपुर बहियार में तब हडकंप मच गया, जब यह खबर सामने आयी कि एक जलमग्न खेत में स्नान करने गए छह बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गयी है। सभी बच्चे कर्मा-धर्मा पूजा को लेकर स्नान करने गये हुए थे। मिली खबर के अनुसार पूरे इलाके में मनाये जाने वाले लोक आस्था के पर्व कर्मा-धर्मा को लेकर बच्चे उत्साह में थे और पूजा की तैयारी कर रहे थे। इसी क्रम में सभी बच्चे स्नान करने के लिए नारायणपुर बहियार की तरफ गए हुए थे। 

बताया जा रहा है कि गंगा नदी के बढ़े हुए जलस्तर और इलाके में हुई बारिश के कारण बहियार के खेतों में गहरा पानी जमा हुआ था। इसी बहियार की पानी में बच्चे नहाने के लिए उतर गये। प्राप्त खबर के अनुसार नहाने के दौरान ही एक बच्चा गहरे पानी में चला गया। अपने बीच के बच्चे को डूबते देख अन्य बच्चे भी मदद के लिए सामने आये लेकिन पानी की गहराई का सही अंदाजा नहीं मिलने के कारण सभी छह बच्चे एक एक कर के गहरे पानी में समाते चले गये।

प्राप्त खबर के अनुसार बहियार में घटी घटना के बारे में जानकारी सामने आते ही पास के गांव से परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके की तरफ दौड़े। स्थानीय लोगों के प्रयास से कड़ी मशक्कत के बाद सभी छह बच्चों को अचेत अवस्था में बाहर निकाला गया। कहा जा रहा है कि अचेत बच्चों को लेकर सभी ग्रामीण तुरंत सीएचसी पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी बच्चों को मृत घोषित कर दिया। 

मिली जानकारी के अनसुार मृतकों की पहचान नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 27, बिष्णु टोला निवासी पूरन मंडल की पुत्री पूजा कुमारी (13 वर्ष), राहुल कुमार (14 वर्ष), रंजन कुमार के पुत्र विकास कुमार (13 वर्ष), विनोद मंडल के पुत्र आयुष कुमार (12 वर्ष), वाल्मीकि मंडल की पुत्री मीनाक्षी कुमारी 'मिनकी' (12 वर्ष) तथा रंचडीदीपुर निवासी धनंजय मंडल की पुत्री ज्योति कुमारी (14 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। इधर घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक भी अमला मौके पर पहुंचा। मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट