नवगछिया : कदवा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम आपसी रंजिश के चलते एक बड़ी वारदात सामने आई। बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने पूर्व मुखिया अजय सिंह (55) पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दीं। इस हमले में उन्हें चार गोलियां लगी हैं, जिससे उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। हालांकि, घटना के तुरंत बाद सतर्क ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए भाग रहे दो हमलावरों को खदेड़कर दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
प्रसाद लेकर लौट रहे थे पूर्व मुखिया अजय सिंह
जानकारी के मुताबिक अजय सिंह शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे गांव के ही सेवानिवृत्त नेवीकर्मी वकील प्रसाद मधुकर के घर से प्रसाद लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान, पकड़वासा और कासिमपुर गांव के बीच पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली लगते ही अजय सिंह सड़क किनारे पानी से भरी खाई में जा गिरे। इसके बावजूद बेरहम अपराधियों ने नीचे उतरकर उन पर तीन और गोलियां दाग दीं।
ग्रामीणों की मुस्तैदी से पकड़े गए आरोपी
गोलीबारी की आवाज सुनकर तुरंत ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बदमाशों का पीछा किया। आरोपी भागते हुए एक बगीचे के रास्ते दीप नारायण सिंह के घर में जा छिपे, जहां ग्रामीणों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। परिजनों के अनुसार अजय सिंह को कुल चार गोलियां लगी हैं, एक पेट में, दूसरी जबड़े में, तीसरी जांघ में और चौथी दाहिने हाथ के अंगूठे में। उन्हें तुरंत नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेगूसराय रेफर कर दिया गया।
पुलिस हिरासत में आरोपी, पुरानी रंजिश से जुड़ रहे तार
गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों की पहचान स्थानीय निवासी खोखा सिंह के भतीजे मोहन सिंह और छोटे बेटे आशीष कुमार के रूप में हुई है। पुलिस फिलहाल दोनों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। इस पूरी वारदात को पुरानी आपसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है। गौरतलब है कि बीते 13 अक्टूबर की रात खोखा सिंह के बेटे ज्योतिष की भी अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हालांकि, उस हत्याकांड का खुलासा अब तक नहीं हो पाया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या इन दोनों घटनाओं के बीच कोई आपसी संबंध है।
कदवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों के सहयोग से 2 युवकों को हिरासत में ले लिया है - SDPO
घटनास्थल से कट्टा मिलने की भी चर्चा है, लेकिन पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। नवगछिया के एसडीपीओ सायम रजा ने बताया कि सूचना मिलते ही कदवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रामीणों के सहयोग से दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने खुद घटनास्थल का जायजा लिया है। पुलिस हर एंगल से मामले की गहराई से छानबीन कर रही है और जल्द ही घटना के मुख्य कारणों का खुलासा किया जाएगा।
नवगछिया से शिवम कुमार की रिपोर्ट