मिड-डे मील में मेनू की अनदेखी, बच्चों ने स्कूल में किया जमकर हंगामा

बेतिया जिले में शनिवार को मिड डे मील की मेनू में अनदेखी के बाद स्कूली बच्चों ने जमकर हंगामा किया। बच्चों ने भोजन व्यवस्था पर भी सवाल उठाया। इस मामले को लेकर राजनीति दल भी अपना बयान जारी कर रहे हैं।

पश्चिम चंपारण: बेतिया जिले में शनिवार को मिड डे मील की मेनू में अनदेखी के बाद स्कूली बच्चों ने जमकर हंगामा किया। बच्चों ने भोजन व्यवस्था पर भी सवाल उठाया। इस मामले को लेकर राजनीति दल भी अपना बयान जारी कर रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसारपश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में मिड-डे मील में मेनू की अनदेखी को लेकर स्कूली बच्चों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया। बताया जा रहा है कि राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बैरिया बाजार में मध्याह्न भोजन योजना में कथित लापरवाही को लेकर बच्चों का गुस्सा फूट पड़ा। विद्यालय परिसर में बच्चों ने जमकर हंगामा करते हुए भोजन व्यवस्था पर सवाल उठाए। बच्चों का आरोप है कि उन्हें सरकार द्वारा निर्धारित मेनू के अनुसार भोजन नहीं दिया जा रहा है।

बताया गया कि जिस दिन बच्चों को मेनू के अनुसार अंडा दिया जाना था, उस दिन अंडे की जगह केला परोसा गया। वहीं, जिस दिन केला दिए जाने का प्रावधान था, उस दिन अंडा देकर खानापूर्ति की गई। मेनू में इस तरह की कथित गड़बड़ी से नाराज बच्चों ने विरोध जताया, जिसके बाद विद्यालय परिसर में हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई।

मामले को लेकर जन सुराज पार्टी के युवा प्रखंड अध्यक्ष बैरिया, बुलेट कुमार यादव ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने कहा कि मध्याह्न भोजन में लापरवाही सिर्फ भोजन का मामला नहीं, बल्कि बच्चों के स्वास्थ्य और उनके अधिकार से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि बच्चों की थाली में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बुलेट कुमार यादव ने संबंधित अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है?

बगहा से परवेज आलम की रिपोर्ट