राज्य के पश्चिमी चंपारण जिले से सनसनीखेज खबर है। यहां बाइक चलाने के विवाद में बडे भाई ने छोटे भाई की गले में चाकू मारकर हत्या कर दी। दोनों में बाइक चलाने को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। घटना के बाद स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के हाट सरैया वार्ड संख्या-2 में सगे भाई द्वारा अपने ही भाई की चाकू से गर्दन में गोदकर निर्मम हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान रहमतुल्लाह मियां इब्राहित के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रहमतुल्लाह मियां के छोटे बेटे इब्राहिम का अपने ही बडे भाई से बाइक चलाने को लेकर पूर्व से ही विवाद चल रहा था। हालांकि, विवाद की गंभीरता की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को नहीं थी।
परिजनों के अनुसार गुरूवार की सुबह आठ बजे के करीब बडे भाई ने छोटे भाई का दरवाजा खोला और इब्राहिम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। घटना के वक्त परिवार के ज्यादातर सदस्य घर में सो रहे थे। अचानक हुए हमले में इब्राहिम गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तबतक उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। अचानक घटी इस सनसनीखेज घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की भीड एकत्र हो गयी। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को सूचना दी गयी। सूचना मिलते ही बैरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची तथा शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेज दिया।
वहीं मृतक के परिजनों ने सगे भाई पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने प्रारंभिक कार्रवाई करते हुए आरोपित भाई को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी बिंदुओं की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लिखित आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर के आगे की कार्रवाई पूरी होगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बेतिया से परवेज आलम की रिपोर्ट