बेगूसराय में एक बार फिर आपसी विवाद के दौरान खुलेआम गोलीबारी का मामला सामने आया है। नयागांव थाना क्षेत्र के बागडोव गांव में रविवार को ससुर-दामाद के पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए पंचायती चल रही थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते फायरिंग हो गई। गोली पास की दुकान पर बैठी महिला के हाथ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला की पहचान बलहपुर पुनर्वास निवासी मनीष पंडित की पत्नी रेखा देवी के रूप में हुई है। गोली लगने के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल महिला को तत्काल इलाज के लिए बेगूसराय भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि बागडोव निवासी ललन सिंह की पुत्री ने करीब तीन वर्ष पहले हांसपुर निवासी रामउदय सिंह के पुत्र मुरारी कुमार से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों की एक बेटी भी हुई। बाद में पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया और महिला अपने मायके में रहने लगी। इसी पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए रविवार को दोनों पक्षों के लोग बागडोव पहुंचे थे।
पंचायती के दौरान दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान बागडोव निवासी छोटू सिंह ने गोली चला दी। गोली सीधे दुकान पर बैठी रेखा देवी के हाथ में जा लगी।
घटना की सूचना मिलते ही नयागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फायरिंग के कारणों के साथ-साथ घटना में शामिल लोगों की पहचान और भूमिका की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष मनोज कुमार के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पंचायती के दौरान हथियार किसके पास था और फायरिंग किन परिस्थितियों में हुई।
बेगूसराय से अजय कुo शास्त्री की रिपोर्ट