बेगूसराय: सहरसा में एक दैनिक समाचार पत्र के डिजिटल विंग के पत्रकार के साथ डॉक्टर द्वारा कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटना के विरोध में सोमवार को बेगूसराय में पत्रकारों ने आवाज बुलंद की। जिला पत्रकार संघ के बैनर तले जिले के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों और बुद्धिजीवियों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल बेगूसराय के जिलाधिकारी रिची पांडेय से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों ने पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करने तथा पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने समेत कई प्रमुख मांगें रखीं।
पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकार समाज और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करते हैं। समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार या मारपीट की घटनाएं स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए चिंता का विषय हैं। ऐसे मामलों में प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
ज्ञापन सौंपने के बाद सोमवार दोपहर तीन बजे बड़ी संख्या में पत्रकार शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने सहरसा की घटना पर नाराजगी जताते हुए पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की। पत्रकार संघ ने स्पष्ट किया कि पत्रकार अपने अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखेंगे। इस दौरान पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की कि सहरसा की घटना में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानून के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बेगूसराय से अजय की रिपोर्ट