राज्य के बेगूसराय जिले से बडी खबर है। यहां मीटर में शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लग गयी। जिसके कारण कई घर उसके चपेट में आ गये। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद आग पर कडी मशक्कत के बाद काबू पाया गया। घटना बीती रात की बतायी जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव के गाछी टोला वार्ड संख्या-7 में सोमवार को बिजली के मीटर में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते स्थानीय निवासी दिनेश सहनी के एक ही परिवार के चार घरों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान घर में रखा रसोई गैस सिलेंडर फट गया, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। आग में सूरज कुमार, भोला कुमार और राजा कुमार के घर जलकर राख हो गए। इस भीषण आगलगी में एक बाइक, एक साइकिल, नगदी, जेवर, अनाज, कपड़े, फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान भी जल गया। पीड़ित परिवार ने करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया है।
इधर आग लगने की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना भी तुरंत हरकत में आया। नीमा चांदपुरा थाना पुलिस एवं बिहार अग्निशमन सेवा की मिनी कॉल-101 वाहन मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और अग्निशमन कर्मियों के संयुक्त प्रयास से आग पर काबू पाया गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बेगूसराय से अजय शास्त्री की रिपोर्ट