पत्नी गयी थी मायके, पति की संदिग्ध हालत में मौत, पुलिस जांच में जुटी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Sujeet Kumar
Updated at : Jul 14, 2026, 1:45:00 PM

बांका जिले के अमरपुर प्रखंड की बैजूडीह पंचायत अंतर्गत नंदलालपट्टी गांव में सोमवार रात 35 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव घर की छत से रस्सी के फंदे से लटका मिला। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार घटना के वक्त मृतक की पत्नी अपने मायके गयी हुई थी।

मिली जानकारी के अनुसार अमरपुर प्रखंड की बैजूडीह पंचायत अंतर्गत नंदलालपट्टी गांव में सोमवार की रात अचानक सनसनी फैल गयी, जब यह खबर सामने आयी कि श्याम सिंह के 35 साल के पुत्र अजीत कुमार ने आत्महत्या कर ली है। परिजनों के अनुसार, रविवार रात अजीत की पत्नी से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद पत्नी सोमवार सुबह अपने बच्चों के साथ मायके चली गई थी।

इधर मृतक की मां पुष्पा देवी ने बताया कि वह सोमवार को अपने पति के साथ बांका कोर्ट गई थीं। देर शाम घर लौटने पर बेटे का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अमरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

ग्रामीणों के अनुसार, अजीत कुमार मिलनसार स्वभाव का था और निजी ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है। 

बांका से दीपक कुमार की रिपोर्ट