बांका : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज बांका जिले के तेलडीहा दुर्गा मंदिर एवं तारापुर के दुर्गा मंदिर असरगंज गोला पर और प्राचीन दुर्गा मंदिर असरगंज में मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां दुर्गा से राज्य की सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। तेलडीहा दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना के पश्चात् मुख्यमंत्री ने मंदिर के समीप बदुआ नदी रिवर फ्रंट डेवलपमेंट योजना के तहत जारी निर्माण कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी
उन्होंने बदुआ नदी के तट पर विकसित किए जा रहे आधुनिक रिवर फ्रंट एवं पक्के निर्माण कार्य की प्रगति और वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्य की प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने और निर्माण कार्य को बेहतर ढंग से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
CM सम्राट के साथ कई विधायक, पूर्व विधायक के अलावा कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक कुमार प्रणय, विधायक जयंत राज, पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष रविंद्र सिंह कल्लू, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक राकेश कुमार, मुंगेर के जिलाधिकारी निखिल धनराज निप्पनिकर, बांका के जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल, भागलपुर की जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय, मुंगेर के पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद, बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार और भागलपुर के पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।