बांका जिले के पंजवारा में मंगलवार की सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। झारखंड के गोड्डा से भागलपुर जा रही श्रीहरि यात्री बस में पंजवारा थाना क्षेत्र के चीर नदी पुल पर अचानक भीषण आग लग गई। घटना के समय बस में करीब 40 यात्री सवार थे। बस से धुआं निकलते ही यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। हालांकि, चालक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, चालक ने भी बस से कूदकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस पंजवारा चीर नदी पुल पर पहुंची ही थी कि अचानक बैटरी के पास से चिंगारी निकलने लगी। देखते ही देखते बस से धुआं उठने लगा और आग की लपटें फैलने लगीं। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल बस रोक दी। इसके बाद बस में सवार यात्रियों को आनन-फानन में नीचे उतारा गया। यात्रियों के बाहर निकलते ही आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में बस धू-धूकर जलने लगी। इस दौरान यात्रियों का बस में रखा सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक पूरी बस जलकर राख हो चुकी थी। गनीमत रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी 40 यात्री सुरक्षित बच गए। घटना के बाद पुल के आसपास स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
यात्री मुकेश कुमार, मनोज कुमार, राजू कुमार, सौरभ कुमार और अरुण सिंह ने बताया कि वे सभी गोड्डा से भागलपुर जाने के लिए श्रीहरि बस में सवार हुए थे। पंजवारा थाना क्षेत्र में प्रवेश करते ही अचानक बस से धुआं निकलने लगा। इसके बाद चालक ने बस रोककर सभी यात्रियों को बाहर निकाला। कुछ ही देर में आग पूरी बस में फैल गई।
इधर, सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। प्रारंभिक जांच में बैटरी से चिंगारी निकलने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
बांका से दीपक चौधरी की रिपोर्ट