अचानक 4 मासूम बच्चे की बिगड़ी तबीयत, देखते ही देखते अचेत होकर गिरे, एक की मौत, 3 की स्थिति गंभीर

औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के पीतंबरा गांव में खेलने के दौरान अचानक चार मासूम बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते चारों बच्चे अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।

औरंगाबाद : औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के पीतंबरा गांव में खेलने के दौरान अचानक चार मासूम बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। देखते ही देखते चारों बच्चे अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में परिजन सभी बच्चों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल औरंगाबाद रेफर कर दिया। 

मृत बच्ची की पहचान मुस्कान के रूप में हुई है

वहीं सदर अस्पताल में इलाज के दौरान एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। जबकि तीन अन्य बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज गया रेफर कर दिया गया। मृत बच्ची की पहचान पीतंबरा गांव निवासी सहेंद्र रिकियासन की पांच वर्षीय पुत्री मुस्कान कुमारी के रूप में हुई है। फिलहाल तीनों बच्ची की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।

औरंगाबाद से रुपेश कुमार की रिपोर्ट